
हीना सिद्धू
फोटो : पीटीआइ
राष्ट्रीय निशानेबाजी महासंघ ने सोमवार को देश के सर्वोच्च खेल पुरस्कार राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार के लिए पिस्टल निशानेबाज हीना सिद्धू और ट्रैप निशानेबाज अंकुर मित्तल के नाम भेजे। अंजुम मौदगिल (राइफल), शाहजर रिजवी (पिस्टल) और ओम प्रकाश मिथरवाल (पिस्टल) के नाम अर्जुन पुरस्कार के लिए भेजे गए हैं।
विश्व कप, राष्ट्रमंडल खेलों, राष्ट्रमंडल चैंपियनशिप और एशियाई चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने वाली 29 वर्षीय हीना अंतरराष्ट्रीय निशानेबाजी खेल महासंघ (आईएसएसएफ) रैंकिंग में शीर्ष पर पहुंचने वाली पहली भारतीय पिस्टल निशानेबाज हैं। उन्होंने 10 मीटर एयर पिस्टल फाइनल में 203.8 का विश्व रिकॉर्ड स्कोर भी बनाया है। मित्तल 2017 विश्व कप आयोजनों में रजत और स्वर्ण पदक जीतने वाले लगातार प्रदर्शन करने वाले भारतीय निशानेबाजों में से एक रहे हैं।
उन्होंने 2018 में एशियाई चैंपियनशिप और कॉमनवेल्थ चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर डबल ट्रैप में अपनी योग्यता साबित की। उन्होंने आईएसएसएफ वर्ल्ड शॉटगन चैंपियनशिप में रजत पदक जीता और डबल ट्रैप में दुनिया की नंबर एक खिलाड़ी बन गईं। अंजुम मौदगिल पिछले साल सितंबर में विश्व चैंपियनशिप में रजत पदक जीतने के बाद 2020 टोक्यो ओलंपिक के लिए कोटा जीतने वाली पहली भारतीय निशानेबाज बनीं।
रिजवी ने 2018 में बीजिंग और म्यूनिख विश्व कप में क्रमशः विश्व रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण और रजत पदक जीते थे। 23 वर्षीय मिथरवाल ने कोरिया के चांगवोन में पिछली विश्व चैंपियनशिप में पुरुषों की 50 मीटर स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता था।